दन्तेवाड़ा

गुम बालक को ढूंढकर पुलिस को सौंपा
25-Jul-2026 10:28 PM
गुम बालक को ढूंढकर पुलिस को सौंपा

दंतेवाड़ा, 25 जुलाई। दंतेवाड़ा पुलिस ने थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र से गुम हुए 10 वर्षीय बालक को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

गुरुवार को एक महिला ने थाना सिटी कोतवाली में सूचना दी कि उसका 10 वर्षीय पुत्र, जो बीजापुर स्थित छात्रावास में रहकर अध्ययन करता है, छात्रावास जाने के लिए घर से तैयार था। प्रार्थिया सुबह लगभग 9 बजे अपने कार्य पर चली गई। लगभग 10.30 बजे वापस लौटने पर बालक घर पर नहीं मिला। परिजनों एवं परिचितों द्वारा आसपास, मित्रों के घर, खेल मैदान तथा अन्य संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

 पुलिस ने तत्काल बालक की तलाश प्रारंभ की। सोशल मीडिया के माध्यम से बालक की जानकारी प्रसारित की गई, घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया तथा स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जगदलपुर रेलवे स्टेशन के समीप एक 10 वर्षीय बालक मिला है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर थाना सिटी कोतवाली से पुलिस टीम तत्काल जगदलपुर रवाना की गई। समन्वित कार्रवाई के दौरान थाना बोधघाट, जगदलपुर के सहयोग से बालक को सकुशल दस्तयाब कर दंतेवाड़ा लाया गया तथा आवश्यक कार्यवाही उपरांत परिजनों के सुपुर्द किया गया।

पुलिस की अपील

दंतेवाड़ा पुलिस ने पुन: यह संदेश दिया है कि गुमशुदा बच्चों के मामलों में त्वरित सूचना एवं समन्वित प्रयासों से शीघ्र सफलता प्राप्त की जा सकती है।

आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी बालक/बालिका के गुम होने की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें।


अन्य पोस्ट