दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 25 जुलाई। जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ - 2026 के अंतर्गत जिले के सभी पात्र ऋणी एवं गैर-ऋणी किसानों को फसल बीमा योजना से जोडऩे, अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित करने तथा 31 जुलाई तक सौ फीसदी कवरेज प्राप्त करने पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने निर्देशित किया कि इस वर्ष अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना पंजीयन लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कृषि विभाग, बैंक शाखाओं, सहकारी साख समितियों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि 31 जुलाई 2026 फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि है, इसलिए सभी संबंधित विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिकतम किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंक शाखाओं एवं सीएससी केंद्रों पर किसानों के लिए सरल एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा आवेदन एवं दस्तावेज जमा करने में हरसंभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले के सभी पात्र ऋणी एवं गैर-ऋणी किसान अपनी खरीफ फसलों का बीमा निकटतम बैंक शाखा, सहकारी साख समिति, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा पीएमएफबीवाई पोर्टल के माध्यम से करा सकते हैं।
इसके लिए आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा-खतौनी), बैंक पासबुक तथा फसल बुआई प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे।
फसल बीमा किसानों का सुरक्षा का कवच
इस अवसर पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि मौसम की अनिश्चितता एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। सभी पात्र किसान अंतिम तिथि 31 जुलाई का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। सभी संबंधित विभाग पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किसानों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदाओं, कीट एवं रोगों से होने वाले संभावित फसल नुकसान से सुरक्षा के लिए 31 जुलाई तक अपनी खरीफ फसलों का बीमा अवश्य कराएं।