दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 जुलाई। जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं नि:शुल्क साइकिल वितरण का आयोजन जावंगा में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। शाला प्रवेशोत्सव बच्चों को शिक्षा से जोडऩे का महत्वपूर्ण अभियान है। सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शिक्षा, आवश्यक सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष, नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय में प्रवेश कराने और उन्हें निरंतर पढ़ाई के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण जैसी योजनाएं विद्यार्थियों की शिक्षा को सुगम बनाती हैं। बालिका शिक्षा को नई दिशा प्रदान करती हैं।
इसके साथ ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का पूरा लाभ उठाकर विद्यार्थी अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करें।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने जानकारी में बताया कि जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से जिले में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कक्षा पहली में 50 बच्चों का नवप्रवेश कराया गया।
कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष सुनिता भास्कर, जनपद अध्यक्ष शकुंतला भास्कर, संतोष गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य कमला विनय नाग, तिलेश्वरी नागेश उपाध्यक्ष रमेश गावड़े, दिनेश कौशल, जनपद सदस्य रामू राम नेताम, बीईओ संतोष गुप्ता, भवानी पुनेम, प्रमोद भदौरिया, श्री गोपाल पाण्डे और एपीसी राजेन्द्र पाण्डे प्रमुख रूप से मौजूद थे।
मेधावी छात्रों का सम्मान
नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान स्वरूप स्कूल बैग प्रदान किए गए।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष बाढ़ से प्रभावित जिन विद्यार्थियों की पुस्तकें, कॉपियां एवं स्कूल बैग क्षतिग्रस्त हो गए थे, उन्हें नई पुस्तकें, कॉपियां और बैग वितरित किए गए। जिससे उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सके। इसके अलावा सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं की 256 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई।
डीईओ श्री ठाकुर ने बताया कि शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन पहले विकासखंड स्तर पर किया गया था और अब जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करना, ड्रॉपआउट दर को कम करना तथा विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि और नियमित अध्ययन की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।