दन्तेवाड़ा

उद्यमिता को रफ्तार देने किया चिंतन
24-Jul-2026 4:13 PM
उद्यमिता को रफ्तार देने किया चिंतन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 24 जुलाई। जिला प्रशासन द्वारा भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, नई दिल्ली एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘‘तेजस’’ पहल के अंतर्गत जिला स्तरीय स्टार्टअप जागरूकता एवं उद्यमिता कार्यशाला का आयोजन जावंगा गीदम में गुरुवार को आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी नेकहा कि दंतेवाड़ा में उपलब्ध प्राकृतिक एवं स्थानीय संसाधनों के आधार पर नवाचार एवं उद्यमिता की अपार संभावनाएं है। उन्होंने युवाओं से रोजगार मांगने वाले नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनने का आह्वान किया।

 कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित छोटे-छोटे व्यवसायों को विकसित कर आत्मनिर्भर बनने तथा नई सोच के साथ उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा एम. भार्गव ने स्टार्टअप नवाचार स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन नवोदित उद्यमियों एवं स्टार्टअप को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यशाला में विशेष रूप से नई दिल्ली से पधारे अंशुल गौतम, एसोसिएट, भारत सरकार ने ‘‘तेजस’’ पहल, स्टार्टअप इंडिया मिशन तथा भारत सरकार द्वारा स्टार्टअप को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। वहीं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद के संदीप यादव ने उद्यमिता विकास एवं व्यवसाय स्थापना की प्रक्रिया पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। स्टार्टअप छत्तीसगढ़ की सुश्री प्रीति खंडेलवाल ने राज्य में विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम तथा राज्य शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं अवसरों की जानकारी साझा की।

सफल उद्यमियों के. बी. इल्लाराव एवं अनिल रावत ने अपने उद्यमिता अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रारंभ करने और उसे सफल बनाने के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय की इनक्यूबेटर प्रतिनिधि डॉ. तुलिका शर्मा ने स्टार्टअप के लिए उपलब्ध इनक्यूबेशन मॅटरशिप एवं तकनीकी सहयोग सुविधाओं की जानकारी दी। रायपुर से बृजेश सिंह गौतम, राज्य मार्केटिंग हेड इंडियन ओवरसीज बैंक ने स्टार्टअप के लिए वित्तीय सहायता एवं फंडिंग अवसरों पर प्रकाश डाला। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश ने कृषि एवं वनोपज आधारित स्टार्टअप की संभावनाओं तथा मूल्य संवर्धन के माध्यम से आय वृद्धि के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, दंतेवाड़ा के महाप्रबंधक रविशंकर नेताम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ‘‘तेजस’’ पहल एवं कार्यशाला के उद्देश्यों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला में जिले भर से लगभग 500 प्रतिभागियों ने सहभागिता की जिनमें उद्यमी, व्यवसायी, स्टार्टअप संस्थापक, नवाचार कर्ता स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, स्वरोजगार के इच्छुक युवा तथा महाविद्यालय एवं तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी शामिल रहे। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, दन्तेवाड़ा द्वारा आयोजित इस कार्यशाला ने जिले में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने तथा युवाओं को उद्यमिता के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


अन्य पोस्ट