दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 23 जुलाई। नगर के शासकीय सरस्वती एवं आदर्श माध्यमिक विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने इन दिनों भारी वाहनों की अवैध पार्किंग गंभीर समस्या बन चुकी है। विद्यालय के गेट के दोनों ओर ट्रक एवं अन्य भारी वाहन लगातार खड़े रहने से न केवल आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है, बल्कि प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाले सैकड़ों बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय सडक़ पर अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में सडक़ के दोनों किनारों पर खड़े भारी वाहनों के कारण रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
वाहनों की आवाजाही और मरम्मत भी बन रही खतरा
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यहां केवल वाहनों की पार्किंग ही नहीं होती, बल्कि कई बार ट्रकों को आगे-पीछे करने, वाहनों को धोने तथा मरम्मत करने जैसे कार्य भी सडक़ किनारे किए जाते हैं। विद्यालय के प्रवेश और छुट्टी के समय जब बच्चे बड़ी संख्या में गेट से निकलते हैं या अंदर जाते है, ऐसे हालात में किसी भी छोटी सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों से शिकायत की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन स्कूल के ठीक सामने भारी वाहनों की पार्किंग से हर दिन भय का माहौल बना रहता है।
शिकायतों के बाद भी नहीं बदले हालात
इस समस्या की शिकायत नगर पालिका, जनप्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन तक कई बार पहुंचाई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
वाहन हटाने को कहने पर होता है विवाद
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब वाहन चालकों से स्कूल के सामने से वाहन हटाने का अनुरोध किया जाता है, तो वे यह कहकर मना कर देते हैं कि हम भी सरकार को टैक्स देते हैं, हमारे पास दूसरी जगह नहीं है, वाहन यहॉ खड़ी न करे तो फिर कहां करे, जगह नही है।
इतना ही नहीं, विरोध करने वालों से कई बार बहस और विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग
शिक्षकों, पालकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय के मुख्य द्वार के आसपास भारी वाहनों की पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, यहां ‘नो पार्किंग’ क्षेत्र घोषित किया जाए तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि मासूम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और आम लोगों को भी आवागमन में राहत मिल सके।