दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 21 जुलाई। न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी, दन्तेवाड़ा द्वारा ग्राम पंचायत बड़े लेखपाल के सरपंच को पद से हटा दिया।
जनपद पंचायत कटेकल्याण के ग्राम पंचायत बड़े लखापाल के सरपंच दिनेश मरकाम पिता कोसा मरकाम को उनके पदीय शक्तियों एवं कर्तव्य निर्वहन के दुरुपयोग तथा पद के दायित्वों के विपरीत कार्य करना सत्य पया गया संविधान के अनुच्छेद 19 (1) (छ) एवं छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 धारा 40 के उपधारा (1) (क), (ख) के प्रावधानों के तहत् उक्त सरपंच को दोषी पाये जाने के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा 40 (1) में विहित प्राधिकारी के तहत् प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तहसील कटेकल्याण अंतर्गत ग्राम बड़ेलखापाल के सरपंच पद से तत्काल प्रभाव से हटाया गया।
ज्ञातव्य है कि ग्राम लखापाल के उक्त सरपंच द्वारा विगत 18 मार्च को ग्राम कटेकल्याण के साप्ताहिक बाजार में अनाधिकृत रूप से शांति भंग की गई उन्होंने स्थान विशेष के व्यापारियों को व्यापार करने हेतु मना किया गया था। साथ ही तहसीलदार और अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस द्वारा हस्तक्षेप किए जाने पर बहस बाजी की गई थी। इसके चलते थाना प्रभारी कटेकल्याण द्वारा परिशांति भंग करने के संबंध में इस्तगासा - 05,2026 धारा-126, 135 (3) बी.एन.एस.एस. विगत 27 मार्च प्रस्तुत किया गया। अनावेदक गण के विरूद्ध न्यायालय तहसीलदार कटेकल्याण में दाण्डिक प्रकरण - 202603161100004 वर्ष 2025-26 दर्ज कर कार्यवाही प्रारंभ की गई। छ.ग. पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 40 के तहत सरपंच बड़ेलखापाल दिनेश मरकाम पिता कोसा मरकाम के विरूद्ध उचित कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन अनुशंसा सहित प्रेषित किया गया था। इसके अलावा तहसीलदार कटेकल्याण जांच प्रतिवेदन के अनुसार कार्यालय अनुविभागीय राजस्व के द्वारा उन्हें 27 मई को कारण बताओ नोटिस दिया गया था। अपने नोटिस के जवाब में उक्त सरपंच द्वारा तथ्यहीन और असंतोषप्रद उत्तर दिया गया। साथ ही साथ अपने ऊपर लगाए गए आरोप का समुचित खंडन भी नहीं किया गया। इसके बावजूद न्याय पद्धति को दृष्टिगत रखते हुए उक्त सरपंच को भविष्य में इस प्रकार की कृत्य न करने की मौखिक समझाइश दी गई थी।
कस्तूरबा विद्यालय को बड़े लेखपाल लाने निकाली रैली
उक्त सरपंच द्वारा 9 जुलाई को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को पुन: ग्राम पंचायत बड़े लखापाल में संचालन करवाने के लिए 01 दिवसीय रैली और प्रदर्शन बाजार स्थल कटेकल्याण में किया गया। इस तरह एक जिम्मेदार पद में रहते हुए इस प्रकार का रैली का आयोजन किया जाना उनके पदीय कर्तव्यों निर्वहन के दुरुपयोग को दर्शाता है। इन सभी अवांछित गतिविधियों के चलते अनुविभागीय अधिकारी दंतेवाड़ा द्वारा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 40 (1) में विहित प्राधिकार के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इस आदेश के पारित तिथि कार्यों का संपादन अब उपसरपंच बड़े लखापाल द्वारा किया जाएगा।