दन्तेवाड़ा

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का पहली बार बचेली आगमन, आदिवासी संस्कृति के साथ भव्य स्वागत
17-Jul-2026 10:48 PM
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का पहली बार बचेली आगमन, आदिवासी संस्कृति के साथ भव्य स्वागत

एनएमडीसी गेस्ट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर, बारिश व कोहरे के कारण आकाशनगर का प्रस्तावित दौरा स्थगित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 17 जुलाई। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा शुक्रवारको दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले की लौह नगरी बचेली पहुंचे। उनके प्रथम बचेली आगमन को लेकर जिला प्रशासन, एनएमडीसी प्रबंधन तथा न्यायिक विभाग द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। बचेली पहुंचने पर एनएमडीसी गेस्ट हाउस में उनका आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया।

मुख्य न्यायाधीश के स्वागत को स्थानीय आदिवासी संस्कृति की झलक के साथ विशेष रूप दिया गया। पारंपरिक आदिवासी नृत्य एवं वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच उनका स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति और परंपरा की सुंदर छाप देखने को मिली।

स्वागत समारोह के दौरान पुलिस विभाग द्वारा मुख्य न्यायाधीश को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया गया। एनएमडीसी बचेली परियोजना के परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडाली ने विभागाध्यक्षों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

इस अवसर पर दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार धु्रव, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) रंगनाथ रामकृष्ण वाय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. भार्गव, दंतेवाड़ा जिला न्यायालय के न्यायाधीश संतोष कुमार आदित्य, बचेली के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजीव कुजुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रीतेश पांडे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव सहित जिला प्रशासन एवं न्यायिक विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एनएमडीसी बचेली के मानव संसाधन महाप्रबंधक महेश नायर तथा उपमहाप्रबंधक सौरभ कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य न्यायाधीश के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें बचेली के खनन क्षेत्र एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर आकाशनगर का भ्रमण करना था, किंतु लगातार हो रही वर्षा व कोहरे के कारण यह दौरा स्थगित करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार यदि आज शनिवार सुबह मौसम अनुकूल रहता है तो उनके आकाशनगर जाने की संभावना है। इसके पश्चात वे बचेली से दंतेवाड़ा रवाना होकर मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।

मुख्य न्यायाधीश के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी अभूतपूर्व रही। स्थानीय पुलिस, जिला पुलिस तथा सीआईएसएफ के जवानों को पूरे क्षेत्र में रणनीतिक रूप से तैनात किया गया था। एनएमडीसी गेस्ट हाउस से लेकर आवागमन मार्ग तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। बचेली थाना प्रभारी नगर निरीक्षक अर्जुन पटेल स्वयं अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

गौरतलब है कि मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का यह बचेली का पहला आधिकारिक दौरा था। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला।


अन्य पोस्ट