दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 11 जुलाई। दंतेवाड़ा प्रशासन द्वारा किसानों को उद्यानिकी और नकदी फसल लगाने तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा। जिससे किसानों की आय में इजाफा हो सके।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के दूरस्थ ग्राम मारजूम के स्कूलपारा में किसान जुगल नाग के खेत का गुरुवार को जायजा लिया। जुगल नाग द्वारा लगभग 2 एकड़ भूमि में बड़े पैमाने पर केले की खेती की जा रही है, जिसे देखकर कलेक्टर ने उनकी मेहनत और नवाचार को सराहा। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ फलोत्पादन जैसी लाभकारी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। जुगल नाग ने बताया कि उन्होंने अपनी शिक्षा के पूरी करने के बाद खेती को ही आय का माध्यम बनाया। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से केले की खेती शुरू की, जिसका आज उन्हें अच्छा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि केले की खेती से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग डेढ़ लाख रुपये की आय प्राप्त होती है। उनके खेत में तैयार होने वाले केले की बिक्री मुख्य रूप से कटेकल्याण बाजार सहित आसपास के अन्य बाजारों में की जाती है ।
जिससे उन्हें नियमित आय का स्रोत मिला है।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने जुगल नाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे भी आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जुगल नाग जैसे प्रगतिशील किसान अन्य किसानों के लिए प्रेरणा हैं। यदि किसान परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी एवं नकदी फसलों को अपनाएं तो कम भूमि में भी बेहतर उत्पादन और अधिक आय अर्जित की जा सकती है।
उन्होंने अधिकारियों को भी ऐसे किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिले में फलोत्पादन और आयवर्धक कृषि को और अधिक बढ़ावा मिल सके। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ आशीष डे और तहसीलदार आशा मौर्य प्रमुख रूप से मौजूद थे।