दन्तेवाड़ा

दूरस्थ गांवों में जांची शिक्षा की गुणवत्ता
09-Jul-2026 10:24 PM
दूरस्थ गांवों में जांची शिक्षा की गुणवत्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 9 जुलाई। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने विकासखंड कटेकल्याण के दूरस्थ ग्रामों मारजूम, चिकपाल एवं परचेली के शासकीय प्राथमिक शालाओं का गहन जायजा गुरुवार को लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उनकी अध्यापन के संबंध में जानकारी ली।

ग्राम मारजूम के स्कूलपारा प्राथमिक शाला में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा पांचवी के एक छात्र से पहाड़ा सुनाने के लिए कहा। छात्र नें धारा प्रवाह 9 का पहाड़ा सुनाया। जिससे श्री ध्रुव ने प्रसन्नता जाहिर की। बच्चों का आत्मविश्वास देखकर उनकी सराहना की।

इस दौरान श्री ध्रुव ने विद्यालयों में दर्ज छात्र संख्या, विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र की उपलब्धता, गणवेश वितरण, पाठ्यपुस्तकों के वितरण तथा लर्निंग आउटकम की भी विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, सीखने की प्रगति और शिक्षण पद्धति के संबंध में चर्चा करते हुए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस क्रम में कलेक्टर ने ग्राम चिकपाल और परचेली के प्राथमिक विद्यालयों में पहुंचे। बच्चों के नियमित रूप से होने वाले स्वास्थ्य परीक्षण, प्रत्येक प्राथमिक शालाओं में होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए।प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षण वातावरण, आवश्यक संसाधन तथा आत्मविश्वास के साथ सीखने का अवसर मिलना चाहिए, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

पोटाकेबिन मेंडोली का जायजा कलेक्टर ने पोटा केबिन मेंडोली का सघन जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बच्चों को उबालकर गर्म पानी उपलब्ध कराने, छात्र संख्या के अनुरूप शौचालय एवं बाथरूम की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।

परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से पोटाकेबिन परिसर में व्यापक वृक्षारोपण करने तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया। इस दौरान सीईओ आशीष डे, तहसीलदार आशा मौर्य,खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल पाण्डे, एपीसी राजेंद्र पाण्डे प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट