दन्तेवाड़ा

हाईस्कूल भवन का विधायक ने किया लोकार्पण
08-Jul-2026 11:10 PM
 हाईस्कूल भवन का विधायक  ने किया लोकार्पण

6 साल से दो पालियों में पढऩे को मजबूर विद्यार्थियों को मिली राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 8 जुलाई। नगर के पुराना मार्केट स्थित शासकीय हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं का करीब छह वर्षों का लंबा इंतजार आखिरकार 7 जुलाई को समाप्त हो गया। क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को ‘छत्तीसगढ़’ द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासनिक अमले में तेजी आई, जिसके परिणामस्वरूप नवनिर्मित विद्यालय भवन का क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी ने लोकार्पण किया। अब तक अस्थायी व्यवस्था के तहत दूसरे विद्यालय में लग रही कक्षाएं जल्द ही इस नए और आधुनिक भवन में स्थानांतरित कर दी जाएंगी।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अटामी ने कहा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहली आवश्यकता हैं। नए भवन से विद्यार्थियों को एक स्वच्छ और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने बच्चों को लगन से पढ़ाई कर अपना और क्षेत्र का भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया।

बड़े बचेली के सरपंच गोविंद कुंजाम ने भवन के लोकार्पण पर हर्ष जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया। हालांकि, उन्होंने ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि भवन में अभी कुछ आवश्यक निर्माण और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शेष हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से इन कमियों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की ताकि शिक्षकों व छात्रों को कोई असुविधा न हो।

सरपंच की मांग पर विधायक ने परिसर में आवश्यक अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए तत्काल मंजूरी देने की घोषणा की और अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

समारोह के समापन पर उपस्थित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने परिसर में फलदार व छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

भवन मिलने से विद्यालय के प्राचार्य बी.आर. नाग, प्रधान पाठक जागृति साहू सहित समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों में बेहद खुशी का माहौल है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता, तहसीलदार महेश कश्यप, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, बचेली पालिकाध्यक्ष राजू जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णाराव, उपअभियंता संतोष नेगी, मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती, विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटले, पार्षद धन सिंह नाग, विलासिनी नाग, सावित्री आचार्य, गीतांजलि जायसवाल, कन्या उमावि प्राचार्या चंद्रकला ठाकुर, हनुमान माहेश्वरी, ओमप्रकाश जैन, सूरज जायसवाल, अर्णब चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि स्वयं के भवन के अभाव में यह हाईस्कूल पिछले कई वर्षों से दूसरे स्कूल परिसर में दो पालियों (शिफ्ट) में संचालित हो रहा था। इससे न केवल हाईस्कूल, बल्कि वहां पहले से पढ़ रहे प्राथमिक/माध्यमिक स्कूल के बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद भी भवन तैयार खड़ा था, लेकिन लोकार्पण न होने से विद्यार्थियों और पालकों में नाराजगी बढ़ रही थी। इस मुद्दे को मीडिया द्वारा उजागर करने के तत्काल बाद प्रशासन ने कदम बढ़ाया।

एनएमडीसी सीएसआर के सौजन्य से हुआ निर्माण

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बचेली के इस नए भवन का निर्माण राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से कराया गया है। वर्ष 2020-21 में स्वीकृत इस परियोजना पर कुल ?184.09 लाख (लगभग 1.84 करोड़ रुपये) की लागत आई है। निर्माण कार्य को नगर पालिका परिषद, बचेली द्वारा बतौर कार्य एजेंसी पूर्ण कराया गया है।

 


अन्य पोस्ट