दन्तेवाड़ा

खेतों में कतार रोपा का प्रदर्शन
06-Jul-2026 10:59 PM
खेतों में कतार रोपा का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 6 जुलाई। सोमवार को विकासखंड दंतेवाड़ा के ग्राम चंदेनार में कृषि अफसरों, जैविक क्लस्टर समन्वयक, जैविक कार्यकर्ता, कृषक मित्र एवं प्रगतिशील किसानों की उपस्थिति में खेतों में कतार रोपा का प्रदर्शन किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा खरीफ धान के उत्पादन बढ़ाने हेतु आधुनिक तकनीक से खेती करने की सलाह दी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन, कृषि विभाग एवं भूमगादी कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के संयुक्त प्रयासों से जिले में जैविक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत कृषि विभाग की टीम किसानों के खेतों तक पहुंचकर परंपरागत सुगंधित जैविक धान की किस्मों—लोकतीमांची, जवा फूल, जीरा फूल, नीम फूल एवं सुगंधा—की उन्नत खेती तथा प्राकृतिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दे रही है।

जिले में कृषि उत्पादकता बढ़ाने और टिकाऊ कृषि व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से इस वर्ष पहली बार रोपा, कतार रोपा तथा श्री विधि के माध्यम से 6 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें 1,500 हेक्टेयर क्षेत्र में विशेष रूप से श्री विधि अपनाई जा रही है, जिससे कम पानी, कम बीज और अधिक जैविक पोषक तत्वों के उपयोग से अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके। यह तकनीक जल संरक्षण के साथ खेती की लागत कम करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है।

श्री विधि धान उत्पादन की एक वैज्ञानिक पद्धति है, जिसमें 12 से 15 दिन के स्वस्थ पौधों का कतारों में एक-एक पौधे के रूप में रोपण किया जाता है। इससे प्रत्येक पौधे को पर्याप्त पोषण एवं प्रकाश मिलता है। साथ ही नियमित निराई-गुड़ाई, नियंत्रित सिंचाई तथा जीवामृत, गोमूत्र, वर्मी कम्पोस्ट जैसे जैविक पोषक तत्वों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और बेहतर उत्पादन प्राप्त होता है।

इस अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड दंतेवाड़ा के ग्राम चंदेनार में उप संचालक कृषि सूरज पंसारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर.एस. नेताम, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी परीक्षित मंडावी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी किशन नेताम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, जैविक क्लस्टर समन्वयक, जैविक कार्यकर्ता, कृषक मित्र एवं प्रगतिशील किसानों की उपस्थिति में खेतों में कतार रोपा का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी देते हुए इन्हें अपनाने के लिए प्रेरित किया। अभियान के तहत जिले के सभी मैदानी कृषि अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से किसानों के बीच पहुंचकर प्रशिक्षण दे रहे हैं। भूमगादी कृषक उत्पादक संगठन के जैविक कार्यकर्ताओं द्वारा खेतों में प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से श्री विधि एवं कतार रोपा पद्धति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही किसानों को जीवामृत, हांडी खाद, नीम आधारित जैविक कीटनाशी, वर्मी कम्पोस्ट सहित विभिन्न प्राकृतिक कृषि आदानों के उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है।

इस अभियान का उद्देश्य कृषि उत्पादकता में गुणात्मक वृद्धि, जैविक उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।


अन्य पोस्ट