दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 6 जुलाई। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कलारपारा, ग्राम मैलावाड़ा की प्रधान अध्यापिका राज लक्ष्मी सिन्हा सेवानिवृत्त हो गई। इस अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय में गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने राज लक्ष्मी सिन्हा को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं तथा उनकी वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवाएं सदैव प्रेरणादायी रहेंगी। प्रशासन की संवेदनशील एवं कर्मचारी हितैषी पहल के तहत कलेक्टर श्री ध्रुव ने सेवानिवृत्ति के अवसर पर ही राज लक्ष्मी सिन्हा को पेंशन भुगतान आदेश (पी.पी.ओ.) भी प्रदान किया, जिससे उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्रीमती राज लक्ष्मी सिन्हा के दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा उनके स्वस्थ - सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, खंड शिक्षा अधिकारी, कुआकोंडा प्रमोद सिंह भदौरिया, एबीईओ, मनोज सिंह राठौर और अकाउंटेंट, जितेंद्र पाण्डे मौजूद थे।