दन्तेवाड़ा

विकसित भारत रोजगार गारंटी से मिलेगा रोजगार
03-Jul-2026 10:19 PM
विकसित भारत रोजगार गारंटी से मिलेगा रोजगार

दंतेवाड़ा, 3 जुलाई। केंद्र शासन द्वारा ग्रामीण रोजगार के क्षेत्र में नवीन योजना का सूत्रपात किया गया है। विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) का देशव्यापी आरंभ किया गया।

 इस दौरान जिला पंचायत दंतेवाड़ा में जन सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आंध्रप्रदेश के तिरुपति से किया गया। जहां केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर मिशन का शुभारंभ किया गया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। मिशन की रूपरेखा, उद्देश्य और संभावित लाभों की जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने मिशन के प्रमुख प्रावधानों, पात्रता, संभावित गतिविधियों तथा विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के साथ इसके समन्वय की जानकारी देते हुए कहा कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिससे अधिकतम ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं ने मिशन के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसे रोजगार, स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई ।

तथा हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि इस मिशन के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, आजीविका के साधन सुदृढ़ होंगे तथा ग्रामीण परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विकसित भारत के निर्माण में ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए मिशन के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक जन जागरूकता के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।

इस दौरान अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, जिले के सरपंच और स्व-सहायता समूहों की महिलायें प्रमुख रूप से मौजूद थी।


अन्य पोस्ट