दन्तेवाड़ा

उप स्वास्थ्य केंद्र अरनपुर को राष्ट्रीय मान्यता
03-Jul-2026 4:11 PM
उप स्वास्थ्य केंद्र अरनपुर को राष्ट्रीय मान्यता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 3 जुलाई। दंतेवाड़ा के स्वास्थ्य केंद्रों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर मान्यता मिली। दंतेवाड़ा प्रशासन के सतत् प्रयासों  आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र, अरनपुर को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड एनक्यूएएस प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया है।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश तथा जिला पंचायत सीईओ एवं जिला नोडल अधिकारी (स्वास्थ्य) जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जिले के इस दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्र नें राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

  जिला प्रशासन अंतिम व्यक्ति तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के अपने संकल्प को प्रभावी रूप से पूरा कर रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र में इस उपलब्धि ने जिले के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विशेषज्ञों की टीम ने स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत मूल्यांकन किया। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, दवाइयों, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, स्टाफ की कार्यकुशलता, मरीजों की संतुष्टि, स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा उपचार व्यवस्था सहित विभिन्न मानकों का गहन निरीक्षण किया गया। सभी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उप स्वास्थ्य केंद्र अरनपुर को यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को वित्तीय सहयोग

नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड एनक्यूएएस स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार के लिए भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण फ्रेमवर्क है। इस प्रमाणन के बाद स्वास्थ्य केंद्र को केंद्र सरकार से वित्तीय प्रोत्साहन भी प्राप्त होगा। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, रखरखाव तथा मरीजों को और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को भविष्य में और अधिक सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि जिले में एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर सतत मॉनिटरिंग एवं नियमित समीक्षा की गई।जिला नोडल अधिकारी प्रतीक सोनी एवं जिला गुणवत्ता सलाहकार अंकित सिंह के मार्गदर्शन में सभी आवश्यक तैयारियां सुनियोजित ढंग से पूरी की गईं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर अरनपुर तथा संबंधित विकासखंड की पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी एनक्यूएएस प्रमाणन दिलाने की दिशा में तैयारी की जा रही है।


अन्य पोस्ट