दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 2 जुलाई। कुछ दिनों के इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने लौह नगरी बचेली और आसपास के बैलाडीला अंचल में अपनी जोरदार दस्तक दे दी है। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार और अच्छी बारिश ने पूरे क्षेत्र का मौसम खुशनुमा बना दिया है। आसमान में छाए घने बादल, भीगी सडक़ें और हरियाली से सराबोर बैलाडीला की पहाडिय़ां लोगों का मन मोह रही है।
बारिश के चलते नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और सडक़ों पर लोगों की आवाजाही छातों के सहारे होती दिखाई दी। कहीं बच्चे बारिश का आनंद लेते नजर आए तो कहीं लोग सुहाने मौसम का लुत्फ उठाते हुए दिखाई दिए। बाजारों में भी सामान्य चहल-पहल बनी रही, वहीं हल्की फुहारों ने वातावरण को पूरी तरह तरोताजा कर दिया।
बैलाडीला की पहाडिय़ां इन दिनों बादलों की धुंध और हरियाली के बीच बेहद मनमोहक दिखाई दे रही हैं। प्रकृति का यह खूबसूरत नजारा स्थानीय लोगों के साथ-साथ आने-जाने वाले लोगों का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। लगातार हो रही बारिश से जंगलों और पहाडिय़ों की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं। इस वर्ष मानसून ने भले ही कुछ देर से दस्तक दी हो, लेकिन अच्छी बारिश शुरू होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी जिले में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।