दन्तेवाड़ा
देश भर में 17 शिकायतें दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 जुलाई। जिला पुलिस ने पहचान पत्र सत्यापन और मनी लॉन्ड्रिंग की धमकी देकर 19.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को केरल के पलक्कड़ जिले से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर सेल दंतेवाड़ा और थाना बचेली, किरंदुल, गीदम एवं बारसूर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक खातों को किराये पर लेकर ठगी की राशि का लेन-देन करते थे और बाद में उसे क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित कर देते थे। आरोपियों के बैंक खातों में लगभग 9 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन मिला है। इन खातों पर छत्तीसगढ़ समेत देश के 9 राज्यों में कुल 17 साइबर शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
प्रार्थी (बचेली निवासी) से पिछले वर्ष 15 से 30 अक्टूबर के मध्य 19 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बचेली में अपराध क्रमांक 45/2025 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साइबर सेल दंतेवाड़ा ने फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स के माध्यम से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
साइबर सेल नोडल अधिकारी ठाकुर गौरव सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव सहित संयुक्त टीम को 16 जून को केरल रवाना किया गया था। स्थानीय पुलिस से समन्वय और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर थाना पट्टाम्बी (जिला पलक्कड़, केरल) क्षेत्र से दो आरोपियों मोहम्मद अंसार, पी.यू. मोहम्मद रूशीद दोनों निवासी पलक्कड़, केरल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक और नकदी जब्त की है।