दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 2 जुलाई। जिला प्रशासन द्वारा जिला सहकारी विकास समिति की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा सहकारिता क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारी संस्थाओं के अधोसंरचनात्मक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस दौरान विगत् वर्ष प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हुये बड़े तुमनार स्थित लेम्प्स भवन के पुनर्निर्माण का कार्य जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से कराए जाने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार, नाबार्ड की आरआईडीएफ योजना के अंतर्गत प्रस्तावित छह लेम्प्सों में गोदाम सह कार्यालय भवन निर्माण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) को तत्काल निविदा जारी करने के निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना के अंतर्गत गठित नवीन डेयरी एवं मत्स्य सहकारी समितियों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा लेम्पस समनपुर में नवीन धान उपार्जन केन्द्र प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, लेम्प्स गीदम में मिल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे किसानों को स्थानीय स्तर पर अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी स्वीकृत प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिससे सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए किसानों एवं ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। -