दन्तेवाड़ा

शिव महापुराण कथा का पूर्णाहुति और भंडारे के साथ समापन
02-Jul-2026 4:10 PM
शिव महापुराण कथा का पूर्णाहुति  और भंडारे के साथ समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 2 जुलाई। वार्ड क्रमांक 12 स्थित हाईटेक कॉलोनी बाल उद्यान के समीप दुर्गा मंडप में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पूजा समिति एवं समस्त महिला मंडली, बचेली के तत्वावधान में आयोजित श्री श्री शिव महापुराण कथा का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति हवन, महाआरती एवं विशाल भंडारे के साथ समापन हो गया।

समापन दिवस पर सुबह श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति हवन में आहुति देकर भगवान शिव से परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। हवन के पश्चात महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय बना रहा।

इससे पूर्व मंगलवार को कथावाचक गायत्री शर्मा ने शिव नाम की महिमा, पंचाक्षर मंत्र की दिव्यता, रुद्राक्ष महात्म्य तथा कथा विश्राम का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का नाम, पंचाक्षर मंत्र का जप और रुद्राक्ष धारण करना भक्त के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा, मानसिक शांति और सकारात्मकता का संचार करता है। श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से कथा श्रवण कर भक्ति रस का आनंद लिया।

आठ दिवसीय इस आध्यात्मिक आयोजन का शुभारंभ 24 जून को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, शिव उपासना, शिव-सती एवं शिव-पार्वती विवाह, भगवान गणेश एवं कार्तिकेय से जुड़े प्रसंगों सहित अनेक प्रेरणादायी कथाओं का वाचन किया गया, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभान्वित हुए।

आयोजन समिति ने कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, महिला मंडली, स्वयंसेवकों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।


अन्य पोस्ट