दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 30 जून। पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान के तहत नगर के वार्ड क्रमांक-12 स्थित टाइप-वन क्वार्टर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में दो दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
अभियान के पहले दिन 28 जून, रविवार को केंद्र में 153 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई। वहीं दूसरे दिन 29 जून को पहले दिन किसी कारणवश छूट गए 4 बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाई गई। इस प्रकार दो दिनों में कुल 157 बच्चों को पोलियोरोधी खुराक प्रदान की गई।
वार्ड-12 के आंगनबाड़ी केंद्र के अलावा नगर के अन्य आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों में भी पल्स पोलियो अभियान चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को हर बार पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान में सहभागिता से ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को पूरी तरह साकार किया जा सकता है।