दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 29 जून। नगर के वार्ड क्रमांक-15 स्थित बंगाली कैंप नंबर-2 में देर रात एक खड़ी कार में अचानक आग लगने से हडक़ंप मच गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि एक कार आग की लपटों से घिरी हुई है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रात में थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि आग से क्षतिग्रस्त वाहन स्थानीय निवासी गोविंद साहा का है। मामले में पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या फिर किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि घटना स्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जिससे जांच में कुछ कठिनाई आ रही है। हालांकि पुलिस अन्य उपलब्ध साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।