दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 28 जून। केन्द्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक देश में ‘सहकारी सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिले की सभी प्राथमिक सहकारी समितियों एवं जिला स्तर पर विभिन्न जनजागरूकता और विकासोन्मुखी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, सदस्यता बढ़ाना तथा किसानों एवं ग्रामीणों को सहकारी योजनाओं से जोडऩा है।
सहकारी सप्ताह का शुभारंभ 29 जून को सभी लैम्पस कार्यालय परिसरों में सहकारी ध्वजारोहण एवं उपविधियों (बायलाज) के वाचन के साथ होगा। इसी दिन सहकार सदस्यता अभियान भी प्रारंभ किया जाएगा।
30 जून को जिला कार्यालय में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
1 जुलाई को जिला सभागार में कृषक संगोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें किसानों को सहकारी योजनाओं, कृषि विकास एवं वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। 2 जुलाई को लैम्पस बारसूर में मॉडल पैक्स भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिससे सहकारी समितियों के सफल कार्यों का अवलोकन किया जा सके। 3 जुलाई को जिले की सभी समितियों में माइक्रो एटीएम एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 4 जुलाई को सहकारिता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सहकार संकल्प दौड़’ का आयोजन होगा। 5 जुलाई को सदस्यता वृद्धि अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।
सहकारी सप्ताह का समापन 6 जुलाई को सभी समितियों एवं उनके कार्यक्षेत्र के शासकीय परिसरों में स्वच्छता अभियान के आयोजन के साथ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन एवं सहकारिता विभाग ने जिले के नागरिकों, किसानों तथा सहकारी समिति के सदस्यों से सहकारी सप्ताह के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है, जिससे सहकारिता की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके तथा जिले में सहकारी सप्ताह का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।