दन्तेवाड़ा

अल-नीनो की आशंका, कृषि विभाग ने जारी की सलाह
25-Jun-2026 3:45 PM
अल-नीनो की आशंका, कृषि विभाग ने जारी की सलाह

मजबूत मेड़बंदी,  वर्षा जल संरक्षण और कम पानी वाली फसलों  पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 25 जून। दंतेवाड़ा में खरीफ धान की खेती की तैयारियां तेज हो गई है। वहीं मानसून के विलम्ब से धान की बुवाई पिछड़ रही है। कृषि विभाग ने विश्वव्यापी अल-नीनो की आशंका के मद्देनजर जिले के किसानों के लिए विशेष आकस्मिक कार्ययोजना जारी की है। संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़ तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार इस योजना में दंतेवाड़ा की पूर्ण जैविक पहचान को ध्यान में रखते हुए रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के स्थान पर जैविक विकल्पों को अपनाने पर जोर दिया गया है।

कृषि विभाग के अनुसार अल-नीनो के कारण मानसून में देरी, कम वर्षा अथवा लंबे अंतराल तक वर्षा नहीं होने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। ऐसे में किसानों को खेतों की समय पर तैयारी, मजबूत मेड़बंदी तथा वर्षा जल संरक्षण के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। कम एवं मध्यम अवधि में तैयार होने वाली धान किस्मों के साथ-साथ अरहर, मूंग, उड़द, तिल, मूंगफली, कोदो, कुटकी और रागी जैसी कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों की खेती को बढ़ावा देने अधिक लाभकारी साबित होगा।

किसानों  को धान की रोपा पद्धति के स्थान पर कतारबद्ध सीधी बोवाई से धान लगाना अधिक उत्पादक होगा। जिससे पानी की बचत के साथ लागत में कमी और फसल की शीघ्र परिपक्वता संभव हो सके।

किसानों को आवश्यकता पडऩे पर पुन: बोवाई के लिए अतिरिक्त बीज की व्यवस्था रखने की भी सलाह दी गई है।

दंतेवाड़ा पूर्णत: जैविक जिला होने के कारण बीज उपचार में ट्राइकोडर्मा, बीजामृत, नीम तेल तथा जैव उर्वरकों के उपयोग करें। वहीं नमी संरक्षण के लिए मल्चिंग, निंदाई-गुड़ाई तथा फसलों के पोषण हेतु जीवामृत, वर्मीवाश और पंचगव्य के उपयोग पर बल दिया गया है।

वर्षा जल संचयन के लिए बोरी बंधान, डबरी, तालाब एवं कुओं में जल संग्रहण करने तथा आवश्यकता पडऩे पर जीवन रक्षक सिंचाई उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को मौसम आधारित कृषि सलाह भी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जारी जैविक आकस्मिक कार्ययोजना का पालन कर संभावित सूखे एवं अनियमित वर्षा की स्थिति में फसल उत्पादन को बेहतर कर सकते हो।


अन्य पोस्ट