दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 24 जून। दंतेवाड़ा में 28 जून से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में इस विशेष अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 41,441 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित 329 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए होंगे। अभियान के सफल संचालन के लिए 745 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वहीं निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए 37 पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के दौरान लगभग 68,344 घरों तक पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, बाजार, मेला स्थल तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों को दवा उपलब्ध कराने के लिए 12 ट्रांजिट टीम, 4 विशेष टीम तथा 8 मोबाइल टीमों का भी गठन किया गया है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि अभियान के लिए जिले के सभी विकासखंडों में वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है तथा अन्य तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।