दन्तेवाड़ा

बोधघाट परियोजना: हजारों ग्रामीणों का विरोध मुखर
22-Jun-2026 10:18 PM
 बोधघाट परियोजना: हजारों ग्रामीणों का विरोध मुखर

दंतेवाड़ा, 22 जून। दंतेवाड़ा की बोधघाट परियोजना पर सियासत तेज हो गई है। बारसूर क्षेत्र में रविवार को हजारों ग्रामीणों द्वारा परियोजना का कड़ा विरोध किया गया।

बारसूर के समीप स्थित हिताल-कुंडुम गांव में हजारों ग्रामीण एकत्रित हुए। इनमें 18 ग्राम पंचायतों के नागरिक शामिल थे।

आंदोलन का नेतृत्व बीजापुर के कांगे्रस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने किया। श्री मंडावी द्वारा ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा गया कि परियोजना से हजारों ग्रामीणों की भूमि डुबान क्षेत्र में आ जाएगी। जिससे उनकी आजीविका समाप्त हो जाएगी। किसान खेती-बाड़ी के अभाव में कहीं के नहीं रहेंगे। भाजपा सरकार आदिवासियों को छल रही हैं। भाजपा सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाना चाह रही है। जिसमें आदिवासियों को निशाना बनाया जा रहा है। इस दौरान बारसूर के समीपस्थ दर्जन भर से अधिक गांव के ग्रामीण शामिल थे। दिलचस्प तथ्य है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बोधघाट परियोजना को विशेष प्राथमिकता दी जा रही थी।

इसके अंतर्गत सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया था। योजना पर शीघ्र ही कार्यवाही प्रस्तावित थी। कांग्रेस की सरकार जाते ही कांग्रेसियों के सुर बदल गए। वर्तमान में कांग्रेस पार्टी द्वारा बोधघाट परियोजना का कड़ा विरोध किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट