दन्तेवाड़ा

दंतेवाड़ा बनेगा पर्यटन केंद्र- केदार कश्यप
21-Jun-2026 10:22 PM
दंतेवाड़ा बनेगा पर्यटन केंद्र- केदार कश्यप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 21 जून। राज्य शासन -दंतेवाड़ा प्रशासन द्वारा जिले को पर्यटन हब के रूपमें विकसित करने के विशेष प्रयास किया जा रहे हैं। इसी क्रम में ढोलकल  ट्रैकिंग रूट का प्रभारी मंत्री केदार कश्यप द्वारा रविवार को लोकार्पण किया गया। जिला खनिज संस्थान न्यास के मद से लगभग 61.05 लाख रुपये की लागत से ढोलकल ट्रैकिंग रूट का निर्माण कराया गया है। प्रभारी मंत्री, दंतेवाड़ा केदार कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में इस नए पर्यटन मार्ग को जनता और सैलानियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर श्री कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा की प्राकृतिक धरोहर, घने वन और आध्यात्मिक स्थल न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के पर्यटकों को अपनी ओर खींचने का दम रखते हैं। यह नया ट्रैकिंग रूट जहां एक तरफ साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए सुनहरे अवसर खोलेगा, जिससे हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि पहाड़ों और मनमोहक नजारों से घिरे ढोलकल में अब पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का अहसास होगा, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।

 कार्यक्रम के दौरान  उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों ने एक सुर में विश्वास जताया कि यह ट्रैकिंग रूट दंतेवाड़ा को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन केंद्रों की अग्रिम पंक्ति में लाकर खड़ा कर देगा और प्रकृति प्रेमियों के लिए अब ढोलकल की खूबसूरत वादियों को करीब से निहारना और भी आसान व रोमांचक हो जाएगा।

 इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी,  उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर  संतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, वनमंडलाधिकारी रामकृष्णा रंगनाथ वाय और अपर कलेक्टर राजेश पात्रे प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट