दन्तेवाड़ा
पालिका ने किया निरीक्षण, हितग्राहियों से चर्चा
बचेली, 17 जून। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण में हो रही देरी को लेकर नगर पालिका परिषद बड़े बचेली द्वारा अप्रारंभ आवासों का निरीक्षण किया गया। स्वीकृति मिलने के 3 से 4 माह बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले हितग्राहियों को नोटिस जारी कर जल्द कार्य शुरू करने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत नगर पालिका क्षेत्र में 27 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 17 आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। शेष आवासों का निर्माण प्रारंभ नहीं होने के कारण मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव के निर्देशन में पालिका की टीम ने संबंधित हितग्राहियों के घर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण दल में प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी एवं अभियंता संतोष नेगी, पीएमसी से विश्वजीत मलिक तथा निकाय समयपाल महेश बघेल शामिल रहे। टीम ने हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अधिकांश हितग्राहियों ने इसी सप्ताह निर्माण कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन दिया।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को चार किश्तों में 2.50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत 32,850 रुपये की राशि भी दी जाती है। इस प्रकार एक आवास के लिए कुल 2.82 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत है।
पालिका द्वारा जारी नोटिस में आवास निर्माण से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि हितग्राहियों को निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल मार्गदर्शन और सहायता मिल सके।
नगर पालिका के अनुसार वर्तमान में बचेली नगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0 के तहत कुल 78 आवासों का निर्माण कार्य प्रगतिरत है, जबकि 10 आवास अभी भी अप्रारंभ हैं। पालिका का प्रयास है कि शेष आवासों का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ हो, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।---


