दन्तेवाड़ा

मानसिक स्वास्थ्य शिविर से बंदियों को लाभ
16-Jun-2026 10:14 PM
मानसिक स्वास्थ्य शिविर से बंदियों को लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 16 जून। जिला प्रशासन के निर्देशन में जिला जेल दंतेवाड़ा में एक दिवसीय ब्रेन हेल्थ क्लिनिक एवं मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित ब्रेन हेल्थ क्लिनिक तथा जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।

शिविर में कुल 76 बंदियों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान 20 से अधिक बंदियों में नींद संबंधी समस्याएं पाई गईं, एक बंदी में सिजोफ्रेनिया के लक्षण चिन्हित किए गए। इसके अलावा 53 बंदियों को सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

मानसिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देश दीपक ने शिविर के दौरान उपस्थित बंदियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं ब्रेन हेल्थ के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या के लिए जिला चिकित्सालय में नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार सेवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही बंदियों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

  शिविर का उद्देश्य बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करना था, जिससे उनके समग्र स्वास्थ्य एवं पुनर्वास में सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक शुभम उइके, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रतिनिधि सूरज बघेल और  जिला जेल के अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट