दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 16 जून। थाना बचेली क्षेत्र में बिना मुसाफिरी दर्ज कराए एवं बिना पूर्व सूचना के पलंग, दीवान, गद्दा एवं कुर्सी बेचने के नाम पर घूम रहे एक बाहरी वाहन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 4800 रुपये का चालान काटा।
जानकारी के अनुसार एमपी पासिंग पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 13 जीए 9671 के चालक शोभाराम चौहान उज्जैन (मध्यप्रदेश) वर्तमान पता जगदलपुर, बिना आवश्यक सूचना दिए बचेली क्षेत्र में फेरी कर सामान बेचते हुए पाया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ एवं दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 4800 रुपये का चालान किया गया तथा जिले की सीमा से बाहर जाने की हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस बाहरी व्यक्तियों, फेरी वालों, किरायेदारों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है। इस दौरान पुलिस टीम में एसआई निर्मलकर सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू ने नगरवासियों एवं ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी बाहरी फेरी वाले, संदिग्ध व्यक्ति अथवा अनजान गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें। साथ ही मकान मालिक अपने किरायेदारों की पूरी जानकारी थाना में उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अपराध की संभावना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और पुलिस की सतर्कता से ही क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सकता है। बचेली पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


