दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 16 जून। दंतेवाड़ा में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के 14वें चरण का शुभारंभ सोमवार को समारोह पूर्वक किया गया। यह अभियान 15 जून से 14 जुलाई तक संचालित होगा। जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर मलेरिया की जांच करेंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में 2 लाख 79 हजार 928 लोगों की मलेरिया जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले के सभी विकासखंडों के 202 गांवों में अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 182 जांच दलों का गठन किया गया है तथा अभियान की प्रभावी निगरानी एवं संचालन के लिए पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मलेरिया पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों का तत्काल उपचार एवं परामर्श किया जाएगा। साथ ही मच्छरदानी के नियमित उपयोग, मलेरिया से बचाव के उपायों तथा स्वास्थ्य शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पोदुम में किया गया, जहां ग्राम पंचायत पोदुम के सरपंच द्वारा अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. मंडल, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देश दीपक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रतीक सोनी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक जीवन नाग, प्रभारी मलेरिया सलाहकार संजय मरावी, भूपेंद्र साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं मितानिनें उपस्थित रहीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम जब उनके घर पहुंचे तो वे अपनी तथा अपने परिवार के सभी सदस्यों की मलेरिया जांच अवश्य कराएं, ताकि जिले को मलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।


