दन्तेवाड़ा

पेट्रोल पम्पों में केरोसिन दौर की झलक
14-Jun-2026 10:19 PM
पेट्रोल पम्पों में केरोसिन दौर की झलक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

दंतेवाड़ा 14 जून। दंतेवाड़ा के पेट्रोल पंपों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के केरोसिन वितरण के दौर में कतार की यादें ताजा हो रही है।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पम्प में जमा हुजूम

दंतेवाड़ा के छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय के समक्ष हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप में रविवार को दोपहिया और चार पहिया वाहनों की कतारे लगी थी। वाहन चालक पेट्रोल और डीजल खरीदने हेतु पेट्रोल पंप पहुंचे थे। लंबी प्रतीक्षा के उपरांत वाहन चालकों को पेट्रोल और डीजल मिल सका।

ज्ञात हो कि उक्त पेट्रोल पंपमें लंबे समय से पेट्रोलियम पदार्थों का अभाव था। जिससे वाहन चालकों को ईंधन नहीं मिल पा रहा था। उक्त कंपनी के आपूर्ति केंद्र में तकनीकी बाधा उत्पन्न हुई थी। इसके फलस्वरुप भी पेट्रोलियम पदार्थ पदार्थ की आपूर्ति में रुकावट आई थी। प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं की समस्या निवारण हेतु वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।

जिला मुख्यालय के समीपस्थ पातर रस स्थित जिओ - बीपी पेट्रोल पम्प में रविवार सुबह का नजारा केरोसिन इन के दौर की यादें ताजा कर रहा था। वाहन चालकों और किसानों द्वारा डीजल खरीदने हेतु जरीकेनों को कतारबद्ध रूप से रख दिया गया था। उक्त कतार दंतेवाड़ा - बचेली मुख्य सडक़ के समीप तक पहुंच गई थी। कुछ उपभोक्ताओं द्वारा पेट्रोल पंप कर्मियों से नोंक - झोंक भी की गई। व्यवस्था सुधारने पंप संचालक को सामने आना पड़ा। इसी दौरान बिजली गुल हो गई। जिससे ग्राहकों का इंतजार लम्बा हो गया। लंबे इंतजार के उपरांत ग्राहकों को पेट्रोल और डीजल मिल सका।

उल्लेखनीय है कि खरीफ कृषि का सत्र आरंभ हो गया है। इस दौरान किसानों द्वारा जरीकेनों में डीजल बड़ी मात्रा में लिया जाता है। जिससे खेती-किसानी सहजता से हो सके। विगत सप्ताह पेट्रोलियम पदार्थों के अभाव में किसानों को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बेवजह स्टॉक से किल्लत

जिले के पेट्रोल पंपों में उपभोक्ताओं द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों का आवश्यकता से अधिक क्रय किया जा रह है। जिससे पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत हो जाती है। ईरान - अमेरिका युद्ध के परिदृश्य में उपभोक्ताओं में घबराहट पैदा कर दी है। जिससे प्रत्येक उपभोक्ता आवश्यकता से अधिक पेट्रोल और डीजल खरीद रहा है। इसी वजह से पेट्रोल पंपों में पेट्रोलियम पदार्थों की खपत में तेजी आई है।


अन्य पोस्ट