दन्तेवाड़ा

नियमित जलापूर्ति नहीं, ईई से स्पष्टीकरण मांगा
14-Jun-2026 10:16 PM
नियमित जलापूर्ति नहीं, ईई से स्पष्टीकरण मांगा

दंतेवाड़ा, 14 जून। जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित नल-जल योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन में सामने आई खामियों को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग छत्तीसगढ़ शासन रायपुर द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एस. पी. मण्डावी से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

कार्यालय प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग,  छत्तीसगढ़ द्वारा  प्राप्त जानकारी के अनुसार,  7 जून को उप मुख्यमंत्री व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के ग्राम टेकनार प्रवास के दौरान जल जीवन मिशन के तहत जल अर्पण समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से नव निर्मित नल-जल योजना के संचालन एवं संधारण के संबंध में चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि योजना पूर्ण होने के बावजूद गांव के एक मोहल्ले के कई घरों तक नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे संबंधित परिवारों को योजना का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

प्रशासन ने इसे गंभीर तकनीकी एवं प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए कहा है कि ग्रीष्म ऋतु जैसे महत्वपूर्ण समय में भी योजना का तकनीकी रूपांकन के अनुरूप संचालन नहीं होना कार्यों के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर प्रश्नचिह्न लगाता है। साथ ही इस स्थिति के कारण कार्यक्रम के दौरान अप्रिय एवं असहज परिस्थितियां निर्मित हुईं, जिससे विभाग की छवि भी प्रभावित हुई है।

इसी संदर्भ में कार्यपालन अभियंता एस. पी. मण्डावी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर सात दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण उचित माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किए जाने अथवा समाधानकारक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।


अन्य पोस्ट