दन्तेवाड़ा
-सुशील राठौर
दंतेवाड़ा 10 जून (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। एक ओर मुख्यमंत्री द्वारा पेट्रोल पंपों में किसानों को विशेष सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर किसानों को पेट्रोल पम्पों से डीजल के अभाव में निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। जिससे खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका है।
उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय के समीपस्थ सभी पेट्रोल पंपों में डीजल और पेट्रोल का बुधवार को अभाव हो गया था। इसी क्रम में सातधार और नकुलनार में संचालित पेट्रोल पंपों में भी डीजल और पेट्रोल का सूखा पड़ गया है। इस समस्या से किसानों को अभूतपूर्व परेशानी हो रही है। डीजल के अभाव में खेतों की जुताई में विलंब हो रहा है। जिससे किसानों को बुवाई में भी विलंब होने की आशंका है।
बीजापुर के किसानों को नहीं मिला डीजल
अधिकांश किसानों को बुधवार के दिवस बिना डीजल के ही मायूस लौटना पड़ा। ग्राम नकुलनार स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप में विकासखंड कटेकल्याण से किसान डीजल लेने पहुंचे थे। पेट्रोल पंप से उन्हें डीजल के अभाव में खाली लौटना पड़ा।
बीजापुर जिले के विकासखंड भैरमगढ़ अंतर्गत ग्राम पिनकोंडा के दो किसान डीजल लेने दंतेवाड़ा पहुंचे थे। जिला मुख्यालय के समीपस्थ सभी पेट्रोल पंपों में डीजल का सूखा था। करीब 50 किलोमीटर का सफर तय करने के बावजूद भी उन्हें डीजल मयस्सर नहीं हो सका।
शीघ्र सामान्य होगी आपूर्ति-कलेक्टर
इस संबंध में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जानकारी में बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 7 पेट्रोल पंपों में तकनीकी समस्या की वजह से आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हुई। वहीं दूसरे पेट्रोलियम डीलरों को आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। शीघ्र ही व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।


