दन्तेवाड़ा

डिप्टी सीएम साव ने 7 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
08-Jun-2026 10:22 PM
डिप्टी सीएम साव ने 7 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 8 जून। छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव नें विगत् रविवार को नगर पालिका परिषद किरंदुल में 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

श्री साव ने किरंदुल में 4 करोड़ 14 लाख 85 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से विकसित ऑक्सीजोन पार्क तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत खरीदी गई बैकहो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन एवं पानी टैंकर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों से नगर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने ऑक्सीजोन पार्क की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक पार्क नहीं बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

इसके साथ ही उन्होंने लगभग 3 करोड़ 4 लाख 09 हजार रुपये की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (एसडीएमएफ) के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 6 एवं 8 में नाला निर्माण कार्य, राज्य प्रवर्तित योजना के तहत मुक्तिधाम निर्माण तथा अधोसंरचना मद से विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा तथा नागरिकों को बेहतर आवागमन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर  जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, नगरपालिका अध्यक्ष दंतेवाड़ा पायल गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष किरंदुल रूबी सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष बचेली राजू जायसवाल, संतोष गुप्ता, सीईओ जयंत नाहटा और अपर कलेक्टर राजेश पात्रे प्रमुख रूप से मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में शासन-प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किरंदुल नगरीय निकाय में 16 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार नगरों के सुनियोजित विकास के लिए सिटी डेवलपमेंट प्लान के अनुरूप कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। इसी उद्देश्य से वे लगातार बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में सडक़, पेयजल एवं शहरी अधोसंरचना के विकास को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों माताओं एवं बहनों को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है तथा वे परिवार और समाज में अधिक सशक्त भूमिका निभा रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने किरंदुल की प्राकृतिक सुंदरता की विशेष सराहना करते हुए कहा कि बैलाडीला पर्वतमालाओं की गोद में बसा किरंदुल प्राकृतिक दृष्टि से प्रदेश के सबसे सुंदर नगरों में से एक है। चारों ओर हरियाली, पर्वतीय सौंदर्य और स्वच्छ वातावरण इस नगर को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए किरंदुल को एक आदर्श एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है।

उन्होंने विधायक के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी सिंह के नेतृत्व में नगर में संचालित विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किरंदुल निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है तथा शासन नगर के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। अपने उद्बोधन के अंतिम चरण में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

उन्होंने वार्ड - 10 में बस पार्किंग एवं स्टेज-स्टैंड के पास सीसी रोड तथा विद्युत व्यवस्था के विकास कार्य के लिए 1 करोड़ 58 लाख रुपये की त्वरित स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा वार्ड - 18 में सोलर पंप के पास सुरेश के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य हेतु 27 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत विभिन्न विकास कार्यों की मांगों पर सहमति जताते हुए कहा कि कुल 3 करोड़ 72 लाख रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इस दौरान उन्होंने ऑक्सीजोन पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें भी नई ऊर्जा और सकारात्मकता का अनुभव हुआ है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जब ऑक्सीजोन में आकर इतनी ऊर्जा मिली है तो उसका असर भी दिखना चाहिए। इसी उत्साह के साथ उन्होंने 3 करोड़ 72 लाख रुपये के अतिरिक्त 2 करोड़ रुपये और नगर के विकास कार्यों के लिए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर हित में जिस कार्य की आवश्यकता होगी, उसके लिए राज्य शासन पूरा सहयोग प्रदान करेगा।

उप मुख्यमंत्री ने मलांगीर जलप्रपात से किरंदुल एवं बचेली क्षेत्र तक पेयजल आपूर्ति योजना की संभावनाओं पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किरंदुल और बचेली के नागरिकों को दीर्घकालिक एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मलंगीर जलप्रपात आधारित पेयजल योजना पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इसके लिए विधायक तथा संबंधित विभागों के साथ मिलकर तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण किया जाएगा।

    


अन्य पोस्ट