दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 6 जून। दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं थाना प्रभारी अमित बेरिया के नेतृत्व में की गई है।
गीदम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 2 जून को प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर जावंगा के पास से दो मोटरसाइकिलें चोरी हो गई हैं। इनमें से एक प्रार्थी की निजी मोटरसाइकिल (सीजी-05-आर-0568) थी और दूसरी मरम्मत के लिए उसके गैरेज में आई मोटरसाइकिल (सीजी-18-ईएन-1935) थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गीदम में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
मामले की जांच के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य संकलित तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों राम मरावी तोड़ापारा, ईरपानार, जिला कोंडागांव, राम रवानी जावंगा, थाना गीदम ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार, इस चोरी की घटना में एक अन्य आरोपी भी शामिल था, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।


