दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 जून। दंतेवाड़ा के भांसी स्थित यूथ हब में रैम्प (एमएसएमई प्रदर्शन संवर्धन एवं तीव्रता) योजना के तहत स्व सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आयोजित 14 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में सक्षम बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना था।
कार्यक्रम की नोडल एजेंसी छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सीएसआईडीसी) थी। प्रशिक्षण का संचालन चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर संजीव साहू ने प्रतिभागी महिलाओं को उद्यम स्थापना, व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल विपणन, बाजार से जुड़ाव, उत्पाद ब्रांडिंग तथा आकर्षक पैकेजिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
प्रशिक्षण में महिलाओं को स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आय के नए स्रोत विकसित करने, समूह आधारित उद्यम स्थापित करने तथा अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। प्रतिभागियों ने व्यवसाय योजना तैयार करने, विपणन रणनीति बनाने और स्वरोजगार के अवसरों को पहचानने जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए प्रशिक्षण को अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से उन्हें अपने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आय बढ़ाने, नए व्यवसाय शुरू करने तथा आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिली है।
प्रशिक्षण के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्थानीय स्तर पर सफल उद्यमी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


