दन्तेवाड़ा
मतदान दलों को दिखाई हरी झंडी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 31 मई। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन -2026 के तहत ग्राम पंचायत मदाड़ी में सोमवार को वोटिंग की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जनपद पंचायत कुआकोंडा कार्यालय से मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार एवं रिटर्निंग ऑफिसर लीलाधर चंद्रा तथा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तरुण देशमुख ने मतदान दलों को हरी झंडी दिखाकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। रवानगी के दौरान मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्राम पंचायत मदाड़ी में सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत ग्राम पंचायत मदाड़ी में मतदान कराया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन द्वारा सभी अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


