दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 26 मई। दंतेवाड़ा में पेट्रोलियम पदार्थ की किल्लत हो चुकी है। जिससे वाहन चालकों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों में डीजल का टोटा हो गया है। पातररास के जिओ पेट्रोल पंप में मंगलवार को सीमित मात्रा में डीजल दिया जा रहा था। डीजल के अभाव में वाहन चालकों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। सर्वाधिक विपरीत प्रभाव कृषि कार्यों में पड़ रहा है। किसानों द्वारा मानसून की आहट की दृष्टिगत खेतों में जोताई तेजी से जारी है। उक्त कार्य में अधिकांश किसानों द्वारा ट्रैक्टर का उपयोग किया जाता है। जिससे कार्य तीव्र गति से पूर्ण हो सके।
पेट्रोल पंपों में डीजल के अभाव से किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। ग्राम मैला शवाड़ा के किसान श्याम कुमार नाग बताया कि पेट्रोल पंप में डीजल नहीं मिल रहा है। इस वजह से ट्रैक्टर को घर में खड़ा किया गया है। बगैर डीजल के खेतों की जोताई नहीं हो सकेगी।


