दन्तेवाड़ा
एनएमडीसी में युवाओं को मिलेगा इंटर्नशिप का अवसर
दंतेवाड़ा, 22 मई। जिला प्रशासन एवं ‘‘माय भारत’’ के संयुक्त तत्वावधान में जिले के शिक्षित एवं कुशल युवाओं के लिए शनिवार को ‘प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष शिविर के माध्यम से स्थानीय युवाओं को प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम एनएमडीसी दंतेवाड़ा में इंटर्नशिप प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत चयनित प्रशिक्षुओं को प्रतिमाह 9 हजार रुपये का स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। साथ ही वित्तीय प्रोत्साहन के रूप में 6 हजार रुपये की एकमुश्त नियुक्ति प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों से जोडक़र उन्हें रोजगारोन्मुखी अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
पंजीयन शिविर का आयोजन शनिवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक कॉलेज, जावंगा, गीदम में किया जाएगा। शिविर में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। आयु का निर्धारण आधार कार्ड में अंकित जन्मतिथि के अनुसार किया जाएगा।
योजना के लिए आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी जिनमें वेल्डर, फिटर, कोपा, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक मोटर, इलेक्ट्रिकल एवं मशीनिस्ट ट्रेड शामिल हैं, आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मैकेनिकल, माइनिंग, सिविल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
बीई एवं बीटेक के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण छात्र, जिनके विषय इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, सिविल, मैकेनिकल, केमिकल, माइनिंग एवं कंप्यूटर साइंस हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। साथ ही बी. फार्मेसी एवं बीबीए उत्तीर्ण युवा भी इस योजना के लिए पात्र रहेंगे। जिला प्रशासन ने जिले एवं आसपास के सभी पात्र युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। इस संबंध में अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार फोटो तथा अद्यतन बायोडाटा के साथ शिविर स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर एवं पंजीयन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक संपर्क नंबर 8770017721 पर संपर्क कर सकते हैं।


