दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 21 मई। दंतेवाड़ा जिले के ग्राम टेकनार (कोन्टीपारा) में पैतृक जमीन के विवाद को लेकर एक भाई द्वारा दूसरे भाई की हत्या करने का मामला सामने आया है। दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रामू भास्कर और मृतक रामलाल भास्कर के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान दोनों भाईयों के बीच फिर से बहस हुई।
मृतक दोपहर में खाना खाकर घर के आंगन में सो रहा था, तभी आरोपी ने लोहे की गैंती (फावड़ा) से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्रार्थी सुरेश भास्कर की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की गैंती बरामद कर ली।
आरोपी रामू भास्कर निवासी कांदाकरका को पुलिस ने हिरासत में लेकर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेशानुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर दंतेवाड़ा जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा की गई।


