दन्तेवाड़ा

एएम/एनएस इंडिया की ‘ज्ञानज्योति’ से आदिवासी अंचल के मेधावियों के सपनों को मिली नई उड़ान
21-May-2026 9:41 AM
एएम/एनएस इंडिया की ‘ज्ञानज्योति’ से आदिवासी अंचल के मेधावियों के सपनों को मिली नई उड़ान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा/किरंदुल, 20 मई। आर्सेलर मित्तल निप्पन स्टील इंडिया (एएम/एनएस इंडिया) के किरंदुल स्थित बेनिफिसिएशन प्लांट द्वारा संचालित ‘ज्ञानज्योति’ छात्रवृत्ति कार्यक्रम के अंतर्गत चोलनार और मदाड़ी ग्राम पंचायत के चार प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। यह इस पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण है क्योंकि पहली बार इन ग्राम पंचायतों के युवाओं ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इस स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

सम्मानित होने वाले छात्रों में भीमा मंडावी  शामिल हैं जिन्होंने बी.वी.एससी. एवं ए.एच. में प्रवेश पाया है, वहीं राजेश कुमार कड़ती का चयन प्रतिष्ठित एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। इनके साथ ही तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में राकेश कड़ती  को बी.टेक. इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और सोनिया मंडावी को बी.टेक. बायोटेक्नोलॉजी में सफलता प्राप्त करने पर विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।

इन युवाओं ने चिकित्सा और इंजीनियरिंग जैसे चुनौतीपूर्ण विषयों को चुनकर यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और सहायता मिले, तो ग्रामीण प्रतिभाएं भी देश के किसी भी मंच पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा सकती हैं।

समारोह के दौरान एएम/एनएस इंडिया के जीएम (बीपी एंड एसपीएल), प्रोजेक्ट हेड, सिविल इंजीनियरिंग विभाग और सीएसआर टीम के अधिकारियों ने छात्रों को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर  जिला पंचायत सदस्य श्री सोमारू कड़ती, मंगल कुंजाम और आठ ग्राम पंचायतों के सरपंच मुख्य रूप से शामिल हुए। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने एएम/एनएस इंडिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी छात्रवृत्तियां न केवल छात्रों की आर्थिक बाधाओं को दूर करती हैं, बल्कि पूरे समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।


अन्य पोस्ट