दन्तेवाड़ा

बचेली के तीनों पेट्रोल पंप सूखे, चालक भटकते रहे
15-May-2026 10:19 PM
बचेली के तीनों पेट्रोल पंप सूखे, चालक भटकते रहे

शनिवार सुबह तक पेट्रोल पहुंचने की संभावना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 15 मई। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला क्षेत्र में ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने से वाहन चालकों और परिवहन कार्यों पर असर पड़ा है। शुक्रवार दोपहर बाद बचेली नगर के तीनों पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नगर में सीडब्ल्यूएस क्षेत्र, मुख्य मार्केट और पुराना मार्केट में संचालित पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने के बाद दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक विभिन्न पंपों पर ईंधन की तलाश करते नजर आए।

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, ईंधन से भरा टैंकर शुक्रवार रात तक जगदलपुर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद शनिवार सुबह तक मार्केट क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ईंधन की कमी का असर माल ढुलाई पर भी पड़ा है। बैलाडीला क्षेत्र में लौह अयस्क परिवहन से जुड़े कई ट्रक खड़े दिखाई दिए। वाहन संचालकों का कहना है कि डीजल की उपलब्धता प्रभावित होने से परिवहन कार्य बाधित हो रहा है।

बैलाडीला ट्रक ओनर एसोसिएशन से जुड़े कुछ वाहन संचालकों ने आशंका जताई है कि यदि स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो परिवहन व्यवस्था पर और असर पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, किरंदुल में भी ईंधन उपलब्धता प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। वहां केवल एक पेट्रोल पंप संचालित होने के कारण वाहन चालकों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट