दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 15 मई। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने विकासखंड गीदम के ग्राम कारली क्षेत्र का दौरा गुरुवार को किया। उन्होंने किसानों के खेतों में पहुंचकर मूंग - रागी की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में फसलों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खेती में अपनाई जा रही तकनीकों, उत्पादन क्षमता एवं आने वाली चुनौतियां जानी। श्री नाहटा ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ पोषक एवं लाभकारी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रागी सहित अन्य मोटे अनाज एवं दलहन फसलें स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी हैं तथा इनकी बाजार में मांग भी लगातार बढ़ रही है। ऐसी फसलें किसानों की आय में वृद्धि करने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मिलेट्स एवं दलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शासन लगातार प्रयास कर रहा है। किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आधुनिक एवं उन्नत खेती की ओर बढऩा चाहिए। श्री नाहटा ने निर्देशित किया कि किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक एवं आवश्यक कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खेती में आधुनिक तकनीकों के उपयोग, जल संरक्षण आधारित खेती तथा जैविक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जिले में रागी एवं अन्य मिलेट्स फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए किसानों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित आजीविका को मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद थे।


