दन्तेवाड़ा

औषधि - प्रसाधन दुकानों पर जुर्माना
13-May-2026 10:10 PM
औषधि - प्रसाधन दुकानों पर जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 13 मई। ‘सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार’ अभियान अंतर्गत जिले में व्यापक निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यवाही की गई। इसके अंतर्गत औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों, कॉस्मेटिक दुकानों, वैक्सीन स्टोरेज केन्द्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित दुकानों की जांच कर नियमों के पालन की समीक्षा की गई। नियमों के उल्लंघन पर औषधि - प्रसाधन दुकानों पर जुर्माना लगाया गया।

इस अभियान के दौरान जिले में संचालित 7 कॉस्मेटिक  फैंसी और किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। जिनमें राज किराना बचेली, संजय पान भंडार बचेली, पूजा दुकान बचेली, अफसारना फैंसी स्टोर बचेली, फेयर एण्ड ग्लो सैलून दन्तेवाड़ा, सुनीता फैंसी स्टोर दंतेवाड़ा एवं अजय जनरल स्टोर दन्तेवाड़ा शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान फास्ट मूविंग कॉस्मेटिक उत्पादों की जानकारी एकत्रित की गई। थोक औषधि विक्रय परिसरों की जांच के अंतर्गत मिश्रा मेडिकल एजेंसी दन्तेवाड़ा, गर्ग मेडिकल किरन्दुल एवं अर्जुन मेडिकल किरन्दुल का निरीक्षण कर 02 औषधि नमुने संकलित किए गए।

वहीं खुदरा औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों में रॉयल मेडिकल पालनार, आर.के. मेडिकल कोरीरास, हरिभक्त औषधालय मैलावाड़ा, एनएमडीसी फार्मेसी किरन्दुल, मां दन्तेश्वरी मेडिकल किरन्दुल एवं दंतेश्वरी मेडिकल नकुलनार का निरीक्षण किया गया। ग्रामीण अंचलों में कारली क्षेत्र के पटेल किराना, यादव किराना, लक्ष्मीनाथ किराना सहित अन्य दुकानों में साबुन, तेल एवं क्रीम जैसी प्रसाधन सामग्री की जांच की गई। साथ ही किरन्दुल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, एनएमडीसी बचेली फार्मेसी तथा जिला वैक्सीन संधारण केन्द्र में वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चौन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 2 औषधि नमूने भी संकलित किए गए।

स्वापक एवं मन:प्रभावी औषधियों के विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की जांच हेतु अमिया मेडिकल स्टोर बारसूर एवं न्यू हिन्दुस्तान मेडिकल स्टोर छिंदनार का निरीक्षण किया गया। कोटपा अधिनियम के तहत सार्वजनिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए गए अभियान में 26 दुकानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 4 हजार 450 रुपये की राशि वसूल की गई। अभियान के तहत एनएमडीसी हॉस्पिटल किरन्दुल एवं क्षेत्र के औषधि विक्रेताओं के साथ 3 जागरूकता बैठक आयोजित कर स्वापक एवं मन:प्रभावी औषधियों तथा एंटीबायोटिक दुरुपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।


अन्य पोस्ट