दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 13 मई। जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अंतर्गत सुशासन तिहार अभियान के तहत ग्राम पंचायत धुरली में 13 ग्राम पंचायतों का संयुक्त शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान कुल 406 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण भी किया गया। कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनाकर प्रदान किए गए। जिससे किसानों को कृषि हेतु आर्थिक सहायता सुलभ हो सकेगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। वहीं मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स वितरित कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
शिविर में आधार सुधार, नया आधार निर्माण, महतारी वंदन योजना हेतु आधार लिंकिंग, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने जैसी आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत की ओर से सभी अतिथियों का साल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े, जिला पंचायत सदस्य तिलेश्वरी नागेश, जनपद सदस्य श्री रामू नेताम, जनपद सदस्य कुणाल ठाकुर और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद थे।