दन्तेवाड़ा

समर कैंप में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, मोहा मन
11-May-2026 4:03 PM
 समर कैंप में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, मोहा मन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 11 मई। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति, बचेली भवन में संचालित समर कैंप के अंतर्गत ‘मातृ शक्ति दिवस’ बड़े ही उत्साह, उमंग और गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

समिति के महासचिव श्री महेंद्र कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी की छुट्टियों में बच्चों की रचनात्मकता एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बाल विकास समिति द्वारा प्रत्येक रविवार को बाल विकास कक्षाएं संचालित की जाती हैं। इसी क्रम में 01 अप्रैल से समर कैंप प्रारंभ किया गया है, जो जून माह तक जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस समर कैंप में बच्चों को प्रशिक्षित करने का कार्य हर्षिता (बीआईओपी किरंदुल में शिक्षिका) एवं शिल्पा द्वारा किया जा रहा है। श्रीमती हर्षिता ने बताया कि इस वर्ष कैंप का मुख्य उद्देश्य ‘एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग’ के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करना है। सुबह एवं शाम संचालित होने वाले इस शिविर में बच्चों को पेंटिंग, डांस, कहानी लेखन, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा व्यक्तित्व विकास जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से दूर रखकर रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩा ही इस कैंप का मुख्य उद्देश्य है, जिससे उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी प्रहलाद साहू, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) अलका, सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन)  परितोष मिश्रा, एनएमडीसी बचेली सहित वरिष्ठ मातृ शक्तियां, वरिष्ठ नागरिक, वरिष्ठ पत्रकार, बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए सुंदर आर्ट एवं क्राफ्ट अतिथियों को भेंट किए गए। साथ ही बच्चों ने आकर्षक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का संचालन लोकेश कुमार साहू द्वारा किया गया तथा अंत में शिल्पा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक रंगों से भरपूर यह आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

 


अन्य पोस्ट