दन्तेवाड़ा

बचेली में मजदूर दिवस पर काव्य संध्या, देशभर के कवियों ने बांधा समा
04-May-2026 10:36 PM
बचेली में मजदूर दिवस  पर काव्य संध्या, देशभर के कवियों ने बांधा समा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 4 मई। लौहनगरी बचेली में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा बचेली द्वारा स्टेडियम कॉम्प्लेक्स के गेट नंबर-02 के सामने किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएमडीसी परियोजना के प्रमुख श्रीधर कोडाली उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मानव संसाधन महाप्रबंधक महेश नायर,  उप महाप्रबंधक सौरभ मिश्रा, नगर निरीक्षक प्रह्लाद कुमार साहू, दल्लीराजहरा से एमडब्ल्यूयु इंटक के अध्यक्ष अभय सिह, किरंदुल इंटक सचिव ए.के. सिंह एवं अपोलो सेंट्रल हॉस्पिटल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अरविंद पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जहां आमंत्रित कवियों का सम्मान किया गया।

कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने प्रस्तुति दी। रायपुर के मीर अली मीर, मंदसौर के मुन्ना बैटरी, लखनऊ के पंकज प्रसून, प्रतापगढ़ की प्रीति पांडेय और सतना के कामता माखन ने अपनी रचनाओं से समा बांधा।

कार्यक्रम का संचालन आगरा के एलेश अवस्थी ने किया। अंत में यूनियन के सचिव आशीष यादव ने आभार व्यक्त किया।

आयोजन के दौरान हास्य, व्यंग्य और भावनात्मक प्रस्तुतियों के बीच दर्शकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।


अन्य पोस्ट