दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी सीएमडी से मिले नपाध्यक्ष
29-Apr-2026 10:44 PM
एनएमडीसी सीएमडी से मिले नपाध्यक्ष

मूलभूत सुविधाओं के लिए सौंपा मांग पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 29 अप्रैल। नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अमिताभ मुखर्जी से मुलाकात कर नगर से जुड़ी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में एनएमडीसी परिक्षेत्र विकास निधि के अंतर्गत कई कार्यों को शामिल करते हुए स्वीकृति का अनुरोध किया गया है। इनमें पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, फिल्टर प्लांट से नगरीय क्षेत्र के लिए पृथक पाइपलाइन तथा संपवेल सहित पाइपलाइन विस्तार की मांग शामिल है।

इसके अलावा, नगर में कचरा प्रबंधन के लिए डोर-टू-डोर संग्रहण हेतु डस्टबिन उपलब्ध कराने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आर्थिक सहयोग का प्रस्ताव रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी की गई है।

ज्ञापन में अपोलो अस्पताल चौक से रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर तक सडक़ निर्माण तथा एक शव वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध भी शामिल है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य मार्गों की मरम्मत की आवश्यकता का भी उल्लेख किया।

नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने बताया कि पूर्व में भी इस संबंध में मांग पत्र सौंपा गया था। उन्होंने इन मांगों पर कार्रवाई का अनुरोध किया।

इस पर एनएमडीसी के सीएमडी अमिताभ मुखर्जी ने प्रस्तावों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।


अन्य पोस्ट