दन्तेवाड़ा

25 साल का शानदार सफर: ब्लू बर्ड्स टैलेंट शो ने रचा इतिहास
28-Apr-2026 3:41 PM
25 साल का शानदार सफर: ब्लू बर्ड्स टैलेंट शो ने रचा इतिहास

बचेली बना प्रतिभाओं का महाकुंभ,  दमदार प्रस्तुतियां और रियल हीरोज का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 28 अप्रैल। क्षेत्र का सांस्कृतिक मंच ब्लू बर्ड्स टैलेंट शो अपने 25वें वर्ष में प्रवेश के साथ एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंच गया। इस खास मौके पर 25 तारीख को बचेली के हॉकी ग्राउंड में भव्य आयोजन किया गया, जहां हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इस भव्य आयोजन में डांस इण्डिया डांस के चर्चित प्रतिभागी मंगेश मोंडल बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट, होस्ट और जज शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। सुशीला भास्कर ग्रुप के बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य व गणेश वंदना ने माहौल को भक्तिमय बना दिया, जिसमें गणेश, कार्तिकेय और शिव-पार्वती की सजीव झलक देखने को मिली।

इसके बाद जेडी मिक्स ग्रुप (बचेली), एबी ग्रुप (किरंदुल), दिवा डांसर ग्रुप (जगदलपुर), सिंपल डांसर ग्रुप, एस भारती  ग्रुप, टीन टाइटंस, एचबी क्रू और डांस हाउस (जगदलपुर) सहित कई टीमों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पल तब आया, जब  श्रवणबाधित बच्चों ने अद्भुत परफॉर्मेंस दिया। जब दर्शकों को उनकी स्थिति का पता चला, आश्चर्य चकित दर्शकों ने खूब तालियां बजाई और कई लोगों ने बच्चों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

गायकों में संजय सरकार, मधुनाथ ध्रुव और रैपर रिया भास्कर ने अपनी मधुर आवाज से समा बांध दिया, वहीं ब्लू बर्ड्स टीम ने जितेंद्र चौधरी के साथ दमदार डांस प्रस्तुति देकर 25 साल पुरानी ऊर्जा को फिर जीवंत कर दिया। सौम्या सुप्रीम स्टाइल शो स्टॉपर क्वीन की रैंप वॉक भी आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में दिवंगत फाउंडर मेंबर्स को श्रद्धांजलि दी गई और ‘प्राइड ऑफ द इवेंट’ अवार्ड सुशीला भास्कर, संजय सरकार, मधुनाथ ध्रुव और एस भारती ग्रुप को प्रदान किए गए।

रियल हीरो ऑफ द ईयर सम्मान

अमित मिश्रा- वन्यजीव संरक्षण (सर्प मित्र टीम),  लितीका - कैंसर पीडि़त महिलाओं के लिए बाल दान, कैलाश कुमार- कौन बनेगा करोड़पति  में भागीदारी व ‘कैलाश की कक्षा’ के माध्यम से ज्ञान प्रसार

पूर्व जजों—एलिजाबेथ लाल, पुष्पा वर्मा और जयश्री मन्ना को भी सम्मानित किया गया।

दर्शकों के लिए इस बार खास सरप्राइज भी रखा गया, जिसमें नीले कपड़े पहनकर आए लोगों को गानों की पहचान पर उपहार दिए गए।

 प्रतियोगिता परिणाम: प्रथम- एबी ग्रुप (30,000 रु. + स्मृतिचिन्ह),  द्वितीय- डांस हाउस जगदलपुर (20,000रु. + स्मृतिचिन्ह),  तृतीय- एस भारती ग्रुप (म्यूजिक सिस्टम + स्मृतिचिन्ह)

कार्यक्रम के अंत में मंगेश मोंडल ने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में अपार प्रतिभा छिपी हुई है, जिसे सही मंच की जरूरत है। उन्होंने बच्चों को बॉलीवुड तक पहुंचाने में सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

मंगेश मोंडल ने डांस इंडिया डांस सीजन 1 में भाग लेकर अपनी अलग पहचान बनाई थी और आज वे एक सफल डांसर, कोरियोग्राफर और सेलिब्रिटी मेंटर के रूप में कार्य कर रहे हैं।

ब्लू बर्ड्स टीम, विशेषकर आयोजक जितेंद्र चौधरी की सभी ने सराहना की।


अन्य पोस्ट