दन्तेवाड़ा

भारी वाहनों के परिवहन से हादसे की आशंका
24-Apr-2026 10:44 PM
भारी वाहनों के परिवहन से हादसे की आशंका

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 24 अप्रैल। दंतेवाड़ा के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता व्यक्त की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, साप्ताहिक बाजारों के दौरान यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

जानकारी के अनुसार, किरंदुल से दंतेवाड़ा के बीच फाइन ओर के अपशिष्ट पदार्थ का परिवहन हाईवा वाहनों से किया जा रहा है। ये वाहन पालनार और नकुलनार मार्ग से होकर गुजरते हैं। पालनार में शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जो मुख्य सडक़ के आसपास आयोजित होता है।

 स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दिन भी भारी वाहनों का आवागमन जारी रहता है, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित होता है। कुछ ग्रामीणों ने पूर्व में दुर्घटनाएं होने का भी उल्लेख किया है।

इसी प्रकार, नकुलनार में शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान भी भारी वाहनों के आवागमन से यातायात प्रभावित होने की बात कही जा रही है। बाजार स्टेट हाईवे के समीप लगता है, जिससे जोखिम बढऩे की आशंका जताई जा रही है।

इस संबंध में जनपद पंचायत कुआकोंडा के अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी ने कहा कि साप्ताहिक बाजार के दिन दोपहर तक भारी वाहनों का आवागमन बंद किया जाना चाहिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

वहीं, इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’  ने पुलिस अधीक्षक गौरव राय को जानकारी दी। श्री राय ने कहा कि इस समस्या को दूर करने कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट