दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 24 अप्रैल। धम्मदीप बुद्धिस्ट सोसायटी बचेली के तत्वावधान में बुद्ध विहार बचेली में 21 अप्रैल को विशेष धम्मदेशना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के औरंगाबाद स्थित त्रिरत्न बुद्ध विहार से पधारे भदंत भिक्खु करुणानंद महाथेरो ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धम्म का उपदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। अपने प्रवचन में भिक्खु करुणानंद महाथेरो ने भगवान बुद्ध के उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए करुणा, मैत्री और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि धम्म के पालन से व्यक्ति के जीवन में शांति और संतुलन स्थापित होता है।
महाथेरो ने भगवान बुद्ध के माध्यम मार्ग और निर्वाण की प्राप्ति के सिद्धांतों की विस्तृत व्याख्या की। साथ ही बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला, जिसे उपस्थित उपासक-उपासिकाओं ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के अंत में भंते जी के करकमलों द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।


